गुड्डू यादव, जागरण टुडे,कानपुर।
उत्तर प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन की प्रांतीय बैठक कानपुर क्लब के ओया हॉल में प्रदेश अध्यक्ष महेश चंद्र जैन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर के सर्राफा व्यापारियों एवं संगठन पदाधिकारियों ने भाग लेकर व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।
कासगंज जनपद से प्रांतीय संगठन मंत्री दीपक गुप्ता सर्राफ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बैठक में सहभागिता की। प्रतिनिधिमंडल में जिला संगठन संयोजक प्रदीप गुप्ता, जिला अध्यक्ष अनुरुद्ध पलतानी, जिला कोषाध्यक्ष राहुल विडला, जिला प्रबंधक सुरेंद्र माहेश्वरी, जिला सह-कोषाध्यक्ष कपिल लाहोटी तथा जिला संसदीय महामंत्री विपुल गर्ग शामिल रहे।
बैठक के दौरान कासगंज प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष महेश चंद्र जैन का माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर, पटका पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने सर्राफा व्यवसाय के हितों की रक्षा और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन की सक्रिय भूमिका की सराहना की।
प्रांतीय बैठक में विगत कुछ समय से सर्राफा व्यवसाय में उत्पन्न हो रही विभिन्न समस्याओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। व्यापारियों ने व्यवसायिक गतिविधियों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को प्रमुखता से उठाया तथा उनके व्यावहारिक समाधान पर सुझाव दिए।
बैठक में भारत सरकार द्वारा सोने-चांदी पर आयात शुल्क को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने के संभावित दुष्प्रभावों पर भी गंभीर चर्चा हुई। व्यापारियों का मानना था कि शुल्क वृद्धि से कारोबार प्रभावित होने के साथ-साथ ग्राहकों पर भी अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ सकता है।
इसके अतिरिक्त जीएसटी विभाग से संबंधित विभिन्न कठिनाइयों और प्रक्रियात्मक जटिलताओं पर भी विचार किया गया। उत्तर प्रदेश के 68 जिलों से आए सर्राफा कारोबारियों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और अनुभवों को साझा किया।
बैठक में उत्तर प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन को और अधिक मजबूत, संगठित एवं सक्रिय बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने संगठन के विस्तार, सदस्य संख्या बढ़ाने तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।