Saturday, June 13, 2026

KASGANJ NEWS प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप, सास ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 8, 2026

KASGANJ NEWS प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप, सास ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार



बहू पर दूसरे युवक से संबंध रखने और हथियारबंद युवकों से धमकी दिलाने का आरोप, ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा


गुड्डू यादव।

जागरण टूडे, कासगंज।

उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में एक परिवार ने अपनी पुत्रवधू पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। परिवार का आरोप है कि पुत्रवधू का एक अन्य युवक से संबंध है और उसने अपने पति को जान से मरवाने की साजिश रची है। मामले में पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच की मांग की गई है।

गांव खैरपुर निवासी सर्वेश कुमारी ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पुत्र कुलदीप कुमार का विवाह बबली नामक युवती से हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह के बाद से ही बबली का किसी अन्य युवक से संपर्क था, जिसको लेकर परिवार में कई बार विवाद भी हुआ। परिवार का दावा है कि कई मौकों पर उसे संदिग्ध परिस्थितियों में मोबाइल पर बातचीत करते हुए पकड़ा गया था।

शिकायत के अनुसार, 5 जून 2026 को बबली अपनी चाची मिथलेश के यहां सोलह बीघा क्षेत्र, कासगंज आई हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसने अलीगढ़ जनपद के थाना सांकरा क्षेत्र के गांव नहरा निवासी प्रेम नामक युवक को भी कासगंज बुलाया। परिवार का कहना है कि प्रेम अपने साथ तीन से चार अन्य युवकों को लेकर पहुंचा और कुलदीप कुमार को जान से मारने की धमकी दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने कुलदीप को भयभीत करने का प्रयास किया तथा उसके सिर पर तमंचा लगाकर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। परिवार का आरोप है कि यह पूरा घटनाक्रम सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया और इसका उद्देश्य कुलदीप पर दबाव बनाना था।

सर्वेश कुमारी ने यह भी दावा किया है कि उनके पास कथित धमकियों और बातचीत से जुड़ी ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसे वह जांच के दौरान पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा कुलदीप कुमार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उनके पुत्र के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.