जागरण टूडे, कासगंज।
जनपद के गंजडुंडवारा थाना क्षेत्र के गांव बहारपुर में चार दिन से चार वर्षीय मासूम आरोही का शव बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस जघन्य घटना के बाद राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मासूम बच्ची के हत्यारे को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषी को फांसी की सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
पोस्टमार्टम गृह पहुंचीं राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड ने मृतका आरोही के परिजनों से मुलाकात कर उनका दुख साझा किया और उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान बच्ची के पिता राहुल ने बताया कि उनका परिवार वाल्मीकि समाज से संबंध रखता है और गांव में उनका एकमात्र परिवार है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। राहुल ने यह भी बताया कि लगभग छह माह पूर्व उनका भाई भी लापता हो गया था, जिसका आज तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
रेनू गौड ने कहा कि वह बच्ची के लापता होने के समय से ही गंजडुंडवारा इंस्पेक्टर राधेश्याम और पटियाली क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार के लगातार संपर्क में थीं। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद, अमानवीय और निंदनीय है। मासूम बच्ची के साथ ऐसा अपराध करने वाला चाहे कोई भी हो और उसे किसी भी राजनीतिक दल या प्रभावशाली व्यक्ति का संरक्षण क्यों न प्राप्त हो, कानून अपना काम करेगा और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है
वर्जन
राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड ने बताया ये बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। मासूम बच्ची के हत्यारे को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे फांसी की सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। पीड़ित परिवार को हर संभव न्याय दिलाने के लिए राज्य महिला आयोग उनके साथ खड़ा है।"
।