मथुरा में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने जमीनी स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने मंगलवार को यातायात निरीक्षक और संबंधित अधिकारियों के साथ स्टेट बैंक चौराहे से लेकर भूतेश्वर चौराहे के पास स्थित रेलवे अंडरपास तक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यातायात बाधित करने वाले बिंदुओं की पहचान कर उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में पाया गया कि बस अड्डे के निकट रेलवे अंडरपास के किनारे रेलवे विभाग की ओर से बनाया गया एक सीमेंट का फाउंडेशन वाहनों की आवाजाही में बड़ी बाधा बन रहा है। इस कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी। नगर मजिस्ट्रेट ने मौके पर रेलवे अधिकारियों को बुलाकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल निर्माण हटाने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से उक्त अवरोध को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू करा दी गई है।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार की ओर जाने वाले मार्ग पर बने अस्थायी अवरोधों को हटाने के लिए संबंधित थाना प्रभारी और अधिकारियों को निर्देशित किया गया। महोली रोड के सामने स्थित परिक्रमा मार्ग की पुलिया तथा भूतेश्वर अंडरपास के निकट श्रीजी बाबा आश्रम के सामने अमरनाथ विद्या आश्रम जाने वाले रास्ते पर मौजूद अवरोधकों को भी हटाने के लिए जल्द कार्रवाई करने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग की समस्या को लेकर भी चर्चा हुई। बाबू शिवनाथ विश्वविद्यालय (बीएसए) की बाउंड्री वॉल से सटे खाली पड़े स्थान को अस्थायी पार्किंग के रूप में विकसित करने की संभावना पर विचार किया गया। इस संबंध में बीएसए कॉलेज प्रबंधन और नगर निगम अधिकारियों के साथ वार्ता भी की गई। प्रशासन का मानना है कि पार्किंग की व्यवस्था होने से सड़क किनारे वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात संचालन अधिक सुचारु हो सकेगा।
नगर मजिस्ट्रेट ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चिन्हित सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर शहरवासियों और श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जाए।