Saturday, June 13, 2026

KASGANJ: आरोही प्रकरण मे बहारपुर पहुंचे डीआईजी प्रभाकर चौधरी, परिजनों को बंधाया ढाढ़स; घटना के जल्द खुलासे और सख्त कार्रवाई का दिलाया भरोसा

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 10, 2026

KASGANJ: आरोही प्रकरण मे बहारपुर पहुंचे डीआईजी प्रभाकर चौधरी, परिजनों को बंधाया ढाढ़स; घटना के जल्द खुलासे और सख्त कार्रवाई का दिलाया भरोसा

थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव बहारपुर में चार वर्षीय मासूम आरोही का शव मिलने के बाद बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक अलीगढ़ परिक्षेत्र प्रभाकर चौधरी स्वयं गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह भी मौजूद रहे। डीआईजी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा घटना के शीघ्र खुलासे और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।


बुधवार को बहारपुर पहुंचे डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अब तक हुई पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने मामले के खुलासे के लिए गठित चार पुलिस टीमों के अधिकारियों से भी जानकारी प्राप्त की और जांच को और तेज करने के निर्देश दिए। डीआईजी ने स्पष्ट कहा कि घटना से जुड़े दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा जल्द से जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।


गौरतलब है कि गांव बहारपुर निवासी राहुल की चार वर्षीय पुत्री आरोही शनिवार शाम घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया था। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने लगातार तीन दिनों तक गांव और आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन की। इस दौरान डॉग स्क्वॉड की सहायता भी ली गई और खेतों, बागों तथा संभावित स्थानों को खंगाला गया।

इसके बावजूद मासूम का कोई सुराग नहीं मिल सका और मंगलवार सुबह गांव के निकट एक खेत में उसका शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मासूम आरोही का शव गांव बहारपुर पहुंचा, पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। बेटी के अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों की चीख-पुकार और विलाप से माहौल बेहद भावुक हो गया। जिस मासूम की सकुशल वापसी के लिए परिवार तीन दिनों से दुआएं कर रहा था, उसकी अंतिम विदाई ने हर आंख को नम कर दिया।


बुधवार सुबह परिजनों ने नम आंखों के साथ मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया। जिस आंगन में कुछ दिन पहले तक आरोही की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। मासूम की असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और ग्रामीण अब भी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं।


डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जांच टीमों को तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


इस दौरान क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक गंजडुंडवारा राधेश्याम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। वहीं बहारपुर गांव सहित पूरे जनपद की निगाहें अब इस दर्दनाक घटना के जल्द खुलासे पर टिकी हुई हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.