जागरण टुडे, मीरगंज (बरेली)
बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र के ग्राम दियोसास में बुधवार को कैंसर की समय रहते पहचान और रोकथाम के उद्देश्य से विशेष कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की जांच कर कैंसर संबंधी लक्षणों की स्क्रीनिंग की तथा लोगों को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वैभव राठौर ने बताया कि हाल ही में गांव निवासी अतुल सक्सेना की ओरल कैंसर के कारण मृत्यु हो गई थी। उन्होंने बताया कि मृतक लंबे समय से तंबाकू, गुटखा और शराब का अत्यधिक सेवन करता था तथा उसका उपचार बरेली स्थित कैंसर अस्पताल में चल रहा था। इस घटना के बाद गांव में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संभावित मरीजों की समय पर पहचान करने के लिए विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य टीम ने कई लोगों की जांच की। जांच में कुछ व्यक्तियों में ओरल कैंसर के संभावित लक्षण पाए गए, जिन्हें आगे की विस्तृत जांच और चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई। इसके अलावा एक महिला में स्तन कैंसर (ब्रेस्ट कैंसर) के संदिग्ध लक्षण मिलने पर उसे भी उच्च स्तरीय जांच के लिए रेफर किया गया।
डॉ. राठौर ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का समय पर पता चलने पर उसका उपचार संभव है। उन्होंने लोगों से तंबाकू, गुटखा और शराब जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहने की अपील करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि कैंसर के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और किसी भी प्रकार की असामान्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
शिविर में डॉ. फैजुर्रहमान, लज्जा राठौर और अनुज हडसन सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।