Friday, June 12, 2026

कासगंज में गरजे अखिलेश: बोले-"बिहार जैसी बेईमानी यूपी में हुई तो चुनाव नहीं होंगे, फर्जी एनकाउंटर का हिसाब होगा....मुख्यमंत्री की पहचान पर कसा तंज, पीडीए, किसानों, महंगाई और रोजगार के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

लेखक: udit kumar | Category: BiG News | Published: June 12, 2026

कासगंज में गरजे अखिलेश: बोले-"बिहार जैसी बेईमानी यूपी में हुई तो चुनाव नहीं होंगे, फर्जी एनकाउंटर का हिसाब होगा....मुख्यमंत्री की पहचान पर कसा तंज, पीडीए, किसानों, महंगाई और रोजगार के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह यादव की सपा में कराई घर वापसी, दिवंगत नेता असद हुसैन के परिवार से भी मिले

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को कासगंज पहुंचे, जहां उन्होंने उर्मिला गार्डन का उद्घाटन किया और विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला, पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह यादव की समाजवादी पार्टी में वापसी कराई तथा आगामी विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई बताया।



जनसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में जिस तरह की बेईमानी और वोटों की लूट हुई है, यदि वही स्थिति उत्तर प्रदेश में हुई तो भविष्य में चुनावों का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने कहा, "बिहार में जो बेईमानी की है, अगर यही लूट और बेईमानी उत्तर प्रदेश में हो गई तो भविष्य में इसके बाद कहीं चुनाव नहीं होगा।"


मुख्यमंत्री योगी पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री अक्सर कहते हैं कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की कोई पहचान नहीं थी, जबकि सच्चाई यह है कि 2017 से पहले उनकी खुद की कोई पहचान नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार के दौरान प्रदेश में विकास के ऐसे कार्य हुए, जिनकी पहचान आज भी कायम है।

पीडीए की ताकत से भाजपा झुकी

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की एकजुटता का असर है कि भाजपा को भी जातीय जनगणना की मांग स्वीकार करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई में पीडीए की ताकत निर्णायक साबित होगी।

कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी मंत्र

अखिलेश यादव ने आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "इस बार हम लोग पूरी तैयारी के साथ हैं और तैयारी तभी पूरी होगी जब एक-एक कार्यकर्ता अपने गांव और बूथ की वोटर लिस्ट ठीक कर लेगा।"

महंगाई, स्मार्ट मीटर और पेट्रोल पर सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार स्मार्ट सिटी नहीं बना सकी, लेकिन स्मार्ट मीटर लगाकर जनता को लूटने का काम कर रही है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और इथेनॉल मिश्रण को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि महंगाई ने आम आदमी का जीवन मुश्किल कर दिया है।

विदेश नीति पर भी बोले

केंद्र सरकार की विदेश नीति पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारत विश्व गुरु बनने का अवसर गंवा चुका है। उन्होंने कहा, "आपने विश्व गुरु बनने का मौका खो दिया और जब नहीं बन पा रहे हैं तो अमेरिका से क्या-क्या सुनना पड़ रहा है। अमेरिका जो कह देता है भारत स्वीकार कर लेता है।"

स्कूल बंद, शराब की दुकानें खुल रहीं

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकारी विद्यालय बंद किए जा रहे हैं, जबकि शराब की दुकानें लगातार खुल रही हैं। मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है।

किसानों को नहीं मिला अधिकार

किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि तीन कृषि कानून वापस लेने के बावजूद किसानों को उनकी फसलों का कानूनी अधिकार नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का सबसे अधिक नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है।

फर्जी एनकाउंटर पर कार्रवाई का ऐलान

सपा अध्यक्ष ने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनती है तो कथित फर्जी एनकाउंटरों की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पीडीए समाज के लोगों का आरक्षण और अधिकार छीनने का काम किया है।

रोजगार और स्वास्थ्य को बनाया मुद्दा

अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है। उन्होंने कहा, "हमारे नौजवानों को नौकरी और रोजगार से यह सरकार नहीं जोड़ पाई है। समाजवादियों की सरकार होती तो बड़े पैमाने पर युवाओं को नौकरी से जोड़ने का मौका देती।"

उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर एंबुलेंस सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा तथा गरीबों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।

समाजवादी एक्सप्रेस-वे को बताया वर्ल्ड क्लास

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार के दौरान बने एक्सप्रेस-वे आज भी अपनी गुणवत्ता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने लोगों से भाजपा और समाजवादी सरकार के विकास कार्यों की तुलना करने की अपील करते हुए कहा कि सपा सरकार द्वारा बनाए गए एक्सप्रेस-वे विश्वस्तरीय हैं।


बाबा पर किया मजाकिया तंज

सभा के दौरान एक साधु ने मंच पर अखिलेश यादव को पगड़ी पहनाई। इस पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि बाबा जी की रुचि मुकुट पहनाने से ज्यादा फोटो और रील बनवाने में दिखाई दे रही है। उनकी इस टिप्पणी पर सभा में मौजूद लोगों ने खूब ठहाके लगाए।


असद हुसैन के परिवार से की मुलाकात

कासगंज प्रवास के दौरान अखिलेश यादव दिवंगत पूर्व जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा असद हुसैन के आवास पहुंचे। उन्होंने उनकी मां रिहाना, पत्नी शेला रिजवी और सात वर्षीय पुत्री बतुल हुसैन से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग और बच्चों की शिक्षा में मदद का भरोसा दिया।

एटा के लिए हुए रवाना

कासगंज कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव एटा रवाना हो गए, जहां उन्होंने समाजवादी नेता अमित यादव के आवास पहुंचकर उनके पिता दिवंगत अधिवक्ता ओमकार सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने और परिजनों से मुलाकात करने का कार्यक्रम तय किया।

सपा का शक्ति प्रदर्शन बना कार्यक्रम

उर्मिला गार्डन में आयोजित कार्यक्रम सपा के शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया। मंच पर सांसद देवेश शाक्य, सहावर विधायक नादिरा सुल्तान, जुगेंद्र यादव, हसरत उल्ला शेरवानी, पूर्व विधायक जीनत खान, नाशी खान, जाहिदा सुल्तान, हरिओम शर्मा, जिलाध्यक्ष विक्रम यादव, अब्दुल हफीज गांधी, राजकुमार यादव, डॉ. नवल किशोर शाक्य, बृजेश यादव पहलवान, शाहरूख राज और जितेंद्र यादव समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.