Friday, June 12, 2026

बरेली एफएसडीए ने सृष्टिपूर्ति, गोल्डी, अनमोल ब्रांड के भरे नमूने, संदिग्ध मिर्च जब्त

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 12, 2026

बरेली एफएसडीए ने सृष्टिपूर्ति, गोल्डी, अनमोल ब्रांड के भरे नमूने, संदिग्ध मिर्च जब्त

सीबीगंज की फैक्टरी से 20.54 किलो पीली साबुत मिर्च जब्त, बाजार में हड़कंप

जागरण टुडे, बरेली

बरेली खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन टीमों ने अचानक जिले में मिलावटी मसाला और अन्य उत्पादनों के खिलाफ अभियान चलाया। दो दिन चले अभियान में 19 नमूने भरे गए। इसमें नामी गिरामी ब्रांड भी शामिल हैं। सीबीगंज स्थित एक फैक्ट्री से 20.54 किलो पीली साबुत मिर्च जब्त की गई। जानकारी मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टीमों ने फरीदपुर, भोजीपुरा, सीबीगंज, गंगापुर, परसाखेड़ा, पक्काबाग और रामपुर गार्डन क्षेत्र में स्थित मसाला निर्माण एवं बिक्री प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। फरीदपुर स्थित सृष्टिपूर्ति वैलनेस से हल्दी, धनिया और मिर्च पाउडर के 03 नमूने लिए गए।

भोजीपुरा स्थित अनमोल एसोसिएट्स एंड मार्केटिंग कंपनी से पनीर मसाला, मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर (माउण्टेन गोल्ड ब्राण्ड) के 03 नमूने लिए। सीबीगंज स्थित जीएमएस प्रोडक्ट्स में जांच के दौरान मटर पनीर मसाला (Thander ब्राण्ड), ग्रीन इलायची, आम अचार मसाला और पीली साबुत मिर्च के चार नमूने लिए गए। इसी इकाई से 20.540 किलोग्राम पीली साबुत मिर्च, जिसकी कीमत 20,540 रुपये बताई गई है, जब्त कर सीज कर दिया गया।

इसके अलावा गंगापुर स्थित एसके सन्स से एक नमूना गोल्डी चाट मसाला और चिली-गार्लिक सॉल्ट, गौसगंज स्थित शिव रतन फूड इंडस्ट्रीज से धनिया पाउडर (राहुल गोल्ड ब्राण्ड) नमूने लिए गए। इसके अलावा मेथी दाना और अजवाइन, मां भवानी ट्रेडर्स से सब्जी मसाला और हल्दी पाउडर तथा रामपुर गार्डन स्थित प्रतिष्ठान से हल्दी और रेड चिली पाउडर के नमूने लिए गए।

एफएसडीए अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट में मिलावट अथवा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.