केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी ने जिलेभर में चलाए गए जनकल्याण शिविरों का सोमवार को भव्य समापन किया। "12 साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" अभियान के तहत तीन दिनों तक चले कार्यक्रमों में हजारों लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का दावा किया गया। समापन अवसर पर लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पाण्डेय के नेतृत्व में 14 से 16 जून तक फरह, बल्देव, राया, मांट, नौहझील, चौमुंहा, छाता और नंदगांव ब्लॉकों में जनकल्याण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, पेंशन योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र लोगों का पंजीकरण कराया गया।
समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष निर्भय पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल देश के विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अब अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। गांवों में सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य और आवास के क्षेत्र में भी व्यापक बदलाव देखने को मिला है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों लोगों को पक्के घर मिले हैं। उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर उनके जीवन स्तर में सुधार किया है।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर पात्र लोगों का पंजीकरण कराने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य कर रहे हैं। यही भाजपा की कार्य संस्कृति और ‘सेवा ही संगठन’ की भावना का मूल आधार है।
कार्यक्रमों में विधायक पूरन प्रकाश और विधायक राजेश चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष कमल किशोर, मुकेश, अनिल चौधरी, जिला महामंत्री सत्यपाल चौधरी, आकाश चौधरी, नरदेव चौधरी, पंकज प्रकाश, प्रमुख प्रतिनिधि अनिल तरकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला मंत्री एवं अभियान संयोजक सुरेश तरकर ने कार्यक्रमों का संचालन करते हुए कहा कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।