अनवर खान, सहावर
जागरण टूडे, सहावर।
थाना क्षेत्र के ग्राम खाता में एक विवाह समारोह उस समय विवाद का कारण बन गया, जब फेरों से ठीक पहले दूल्हा पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग किए जाने का आरोप लगा। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सहावर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम खाता निवासी राजपाल पुत्र मुंशीलाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री सावित्री का विवाह थाना कासगंज क्षेत्र के ग्राम किलोनी रफातपुर निवासी ललित पुत्र चन्द्रपाल सैलानी के साथ तय किया था। उनके अनुसार, विवाह से पूर्व उन्होंने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर दहेज एवं अन्य वैवाहिक व्यवस्थाओं पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें बुलेट मोटरसाइकिल, पांच लाख रुपये नकद तथा सोने के आभूषण भी शामिल थे।
पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार को बारात धूमधाम से पहुंची और जयमाला कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। आरोप है कि शनिवार तड़के करीब चार बजे फेरों की रस्म के दौरान दूल्हा पक्ष के लोगों ने अतिरिक्त दो लाख रुपये नकद की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर दूल्हा और उसके परिजन विवाह की रस्में अधूरी छोड़कर बारात वापस ले गए।
राजपाल का कहना है कि उन्होंने तथा अन्य रिश्तेदारों ने दूल्हा पक्ष को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूल्हा पक्ष ने दहेज मांगने के आरोपों को निराधार बताया है। दूल्हे के भाई सागर का कहना है कि विवाद का कारण दहेज नहीं था। उनके अनुसार, लड़की के किसी अन्य युवक से संबंध होने की जानकारी उन्हें पहले नहीं दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़की स्वयं स्टेज से उठकर चली गई थी और उसने दूल्हे के साथ फोटो खिंचवाने से भी इनकार कर दिया था।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।