मोहनपुरा (कासगंज)।
श्री श्याम सेवा समिति एवं राघव लाइब्रेरी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को सिकंदराराऊ रोड स्थित राघव लाइब्रेरी परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अग्निवीर योजना में चयनित आठ युवाओं और नीट परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले एक मेधावी छात्र को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में चयनित सभी अग्निवीर युवाओं को माल्यार्पण कर प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति उपहार भेंट किए गए। सम्मान प्राप्त करने वाले युवाओं के चेहरों पर गर्व और उत्साह साफ झलक रहा था। कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सत्य प्रकाश मिश्र ने की। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेना की वर्दी केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा की एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ देश की सेवा करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चौकी प्रभारी डॉ. महेश सिंह, रामपाल गुरु, पवन शर्मा, पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह तथा सुखवीर सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए और युवाओं को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सम्मानित होने वाले अग्निवीरों में कांतौर निवासी शौर्य प्रताप सिंह पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह, भरसोली निवासी अभिषेक पुंढीर पुत्र ओमकार सिंह एवं भानु प्रताप सिंह पुत्र रवेंद्र सिंह पुंढीर, नारायणपुर निवासी सनी चौहान पुत्र बलवीर सिंह, महमूदपुर नगरिया निवासी सुचित आर्य पुत्र कामता प्रसाद, गोपालपुर निवासी अशोक कुमार पुत्र महीपाल सिंह तथा मोहनी गांव निवासी अवनीश पुंढीर पुत्र शीलेंद्र सिंह और विशाल कश्यप पुत्र सुरेश कश्यप शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त नीट परीक्षा में 36वीं रैंक प्राप्त कर वेटरिनरी पाठ्यक्रम में चयनित मेधावी छात्र राजबहादुर पुत्र जालिम सिंह को भी समिति द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
सम्मानित युवाओं ने अपनी सफलता का श्रेय मोहनी गांव के शारीरिक प्रशिक्षक सोनू ठाकुर और राघव लाइब्रेरी के मार्गदर्शन को दिया। कार्यक्रम में कोच सोनू ठाकुर और अमित पुंढीर को भी समाज व युवाओं के प्रति उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस दौरान विवेक कुमार, दिवाकर पचौरी, रूपेंद्र लाला, सुरेंद्र पाल सिंह, अनूप कुमार, डिंकी राघव, कुलदीप कुमार, डॉ. सोनू कश्यप, नीरेश यादव, सतवंत यादव, पप्पू राघव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।