Thursday, July 30, 2026

KASGANJ: शिक्षकों की मांगों पर सकारात्मक पहल से जगी उम्मीद, शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री का जताया आभार

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 22, 2026

KASGANJ: शिक्षकों की मांगों पर सकारात्मक पहल से जगी उम्मीद, शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री का जताया आभार

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद कासगंज की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को विकास खंड अमानपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक विकास सिंह ने की। बैठक में प्रदेश के प्राथमिक शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गोरखपुर स्नातक क्षेत्र के एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह तथा प्रदेश के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

बैठक में वक्ताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा 8 जून 2026 को जारी पत्र के माध्यम से अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है कि उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार तिवारी एवं महामंत्री उमाशंकर सिंह द्वारा 6 जून 2026 को प्रस्तुत ज्ञापन का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में प्राथमिक शिक्षकों को सेवा वर्ष के आधार पर वेटेज अंक प्रदान करने, विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित कराने तथा शिक्षकों की सेवाओं को सुरक्षित किए जाने की मांग उठाई गई थी।

जिला संयोजक विकास सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के त्वरित और सकारात्मक हस्तक्षेप से प्रदेश के लाखों प्राथमिक शिक्षकों में नई आशा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज सरकार की इस संवेदनशील पहल के लिए हृदय से आभारी है। वहीं सहसंयोजक अंकित उपाध्याय ने विश्वास जताया कि शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के मार्गदर्शन में शिक्षकों से जुड़ा यह महत्वपूर्ण प्रकरण शीघ्र ही सकारात्मक निष्कर्ष तक पहुंचेगा और शिक्षकों को न्याय मिलेगा।

बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने सर्वसम्मति से धन्यवाद प्रस्ताव पारित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह एवं शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही शिक्षक हितों की रक्षा एवं लंबित मांगों के समाधान के लिए संघ के संघर्ष को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया।

बैठक में जिला संरक्षक सत्यभान सिंह माथुर, जिला सहसंयोजक चंद्रगुप्त, श्रीनिवास गुप्ता, सहावर ब्लॉक अध्यक्ष रामकिशन, महामंत्री विपीनेश, अमानपुर ब्लॉक अध्यक्ष संजीव वर्मा, महामंत्री अनूप पाल, सिढ़पुरा ब्लॉक अध्यक्ष अंकुर शाक्य, महामंत्री सुमित, रामानंद, शिवकुमार, शरद यादव, राजकुमार सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.