छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और शिक्षा सुधार की उठाई मांग
गुड्डू यादव, कासगंज।
जागरण टूडे, कासगंज।
कांग्रेस पार्टी ने देशभर में लगातार सामने आ रहे नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अव्यवस्था तथा शिक्षा के निजीकरण के मुद्दे को लेकर राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने कहा कि वर्ष 2015 से लेकर अब तक नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कई बार गड़बड़ियां और पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद सरकार कोई प्रभावी और स्थायी समाधान प्रस्तुत नहीं कर सकी है। हाल ही में आयोजित परीक्षाओं को लेकर उठे सवालों ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
उन्होंने कहा कि केवल नीट ही नहीं, बल्कि विभिन्न भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में भी लगातार अनियमितताएं देखने को मिली हैं। इससे लाखों छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में असंतोष और चिंता का माहौल है। वर्षों की मेहनत और आर्थिक संसाधन लगाने के बावजूद युवाओं को असुरक्षा और अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए “छात्रों की गूंज” अभियान का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना है। इस अभियान के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और छात्र हितों की सुरक्षा के लिए सुझाव एकत्र किए जा रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं कंट्रोल रूम प्रभारी विमल कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी शिक्षा पर खर्च में कमी तथा निजी शिक्षण संस्थानों और महंगी कोचिंग व्यवस्था के विस्तार ने मध्यम एवं गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। लाखों परिवार अपनी आय का बड़ा हिस्सा बच्चों की शिक्षा पर खर्च करने को विवश हैं।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि नीट सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो तथा शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और छात्र हितैषी बनाया जाए। प्रेस वार्ता में सोशल मीडिया जिला प्रभारी अभिषेक दुबे, जिला कोषाध्यक्ष राजा सलमानी तथा राष्ट्रीय छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष दीपक धनगर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।