मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान में रेलवे प्रशासन ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 295 यात्री पकड़े गए, जिनसे जुर्माने के रूप में 2,96,880 रुपये की वसूली की गई।
आगरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान 22 जून को चलाया गया। सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) संजय गौतम के नेतृत्व में रेलवे की टिकट जांच टीमों ने स्टेशन परिसर और विभिन्न ट्रेनों में सघन जांच की।
जांच के दौरान स्टेशन पर आने-जाने वाली ट्रेनों के साथ-साथ प्लेटफॉर्म और रेलवे परिसर में भी यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। अचानक शुरू हुए अभियान से बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्रियों ने जांच से बचने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन टीमों ने उन्हें पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान 173 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पाए गए, जिनसे 1,99,190 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, 122 अन्य यात्री अनियमित श्रेणी में पाए गए, जिनसे 97,690 रुपये की वसूली की गई। इस प्रकार कुल 295 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे को 2,96,880 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक नागेंद्र तिवारी, मुख्य टिकट निरीक्षक (स्टेशन) हेमंत अवस्थी सहित टिकट जांच स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी मौजूद रहे।
आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि रेलवे में राजस्व हानि रोकने और यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा शुरू करने से पहले वैध टिकट अवश्य खरीदें तथा निर्धारित सीमा से अधिक सामान होने पर उसका शुल्क जमा कर ही यात्रा करें।