प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर बढ़ाया हौसला, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में पथ विक्रेताओं की भूमिका सराहनीय : रेनू गौड
जागरण टूडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के सफल छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को नगर पालिका परिषद कासगंज में भव्य स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पथ विक्रेताओं के संघर्ष, परिश्रम, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की भावना को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।महोत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पथ विक्रेताओं को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना ने लाखों रेहड़ी, पटरी एवं ठेला व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया है। योजना के माध्यम से उन्हें बिना गारंटी ऋण उपलब्ध होने से उनके व्यवसाय को नई दिशा मिली है और वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य छोटे व्यापारियों को मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के छह वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित स्वनिधि महोत्सव उन मेहनतकश लोगों को सम्मान देने का अवसर है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने परिश्रम और लगन से समाज में अपनी अलग पहचान बनाई है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी विवेक त्रिपाठी ने योजना की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए लाभार्थियों को सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। नगर पालिका अध्यक्ष मीना माहेश्वरी ने कहा कि पथ विक्रेता नगर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनके हितों की सुरक्षा एवं विकास के लिए नगर पालिका सदैव प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र बोहरे सहित नगर पालिका परिषद के समस्त सदस्य, कर्मचारीगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सम्मानित पथ विक्रेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों के उत्साहवर्धन एवं सामूहिक सम्मान समारोह के साथ हुआ।