जनपद में रविवार से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई। अभियान के तहत पांच वर्ष तक के लगभग पांच लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से जागरूकता रैली निकाली गई। राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं।
रैली मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से शुरू होकर सिविल लाइंस, तहसील, कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन और राजीव भवन मार्ग से होकर निकली। रैली के माध्यम से लोगों को पोलियो उन्मूलन अभियान के प्रति जागरूक किया गया और बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून को पहले दिन जिले के सभी निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 29 जून से 6 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि पोलियो की खुराक पांच वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे के लिए जरूरी है, चाहे उसे पहले भी कई बार दवा पिलाई जा चुकी हो।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रोहितास सिंह ने बताया कि इस बार जिले में 4,98,815 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पहले दिन 1317 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। अंतिम चरण में स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर प्रत्येक बच्चे तक पहुंचेंगे, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी।
रैली में डिप्टी सीएमओ डॉ. गोपाल गर्ग, डॉ. अनुज चौधरी, डॉ. स्वाती जाडिया, डॉ. सत्य प्रकाश राठौर, डॉ. वीड गौतम, डॉ. पियूष सोनी, डॉ. अनुज यादव, चंद्र प्रकाश मिश्रा, जितेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संजय सिहोरिया, डीसीपीएम पारूल शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, एएनएम, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एएनएमटीसी की छात्राओं ने भाग लिया।