बाजार जाने की कहकर घर से निकला था युवक, सुबह आम के बाग में फंदे पर लटका मिला शव; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। कोतवाली क्षेत्र के गांव पचपोखरा के पास रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आम के बाग में एक युवक का शव पेड़ की डाल से अंगोछे के सहारे लटका मिला। भट्ठे पर काम करने जा रहे मजदूरों की नजर शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी राधेश्याम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया जांच के बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पेड़ से नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल कासगंज भेज दिया गया।
मृतक की पहचान इवने आलम (32) पुत्र छोटे खान, निवासी पचपोखरा के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि इवने आलम शनिवार शाम करीब पांच बजे बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह मऊ रोड स्थित पचपोखरा गांव के समीप आम के बाग में उनका शव फंदे से लटका मिला।
परिजनों के मुताबिक इवने आलम की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व मुरसलीन के साथ हुई थी। उनके परिवार में सात वर्षीय बेटी माहिरा और पांच वर्षीय बेटा है। युवक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।
कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।