Wednesday, July 29, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट प्रशिक्षु युवती घायल; हाईटेंशन लाइन भी टूटी

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: June 29, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट प्रशिक्षु युवती घायल; हाईटेंशन लाइन भी टूटी




अलीगढ़ एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था विमान, पुलिस लाइन के समीप खेत में गिरा; प्रशासन ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

गुड्डू  यादव, कासगंज


जागरण टूडे, कासगंज।

जनपद मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन के समीप सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अलीगढ़ एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला एक द्विपंखी (टू-सीटर) ट्रेनिंग विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में गिर गया। विमान गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान गिरने के दौरान वह हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया, जिससे बिजली का तार टूट गया। हादसे में विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।



बताया जा रहा है कि यह विमान अलीगढ़ एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान के लिए रवाना हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान में एक प्रशिक्षु युवती प्रशिक्षण ले रही थी। दुर्घटना में वह घायल हो गई, जिसे तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। उसकी स्थिति के संबंध में अभी आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

दुर्घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित कर लिया है। प्रशासन की टीम, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां भी मौके पर पहुंच गई हैं। टूटी हुई हाईटेंशन लाइन के कारण आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि कोई अन्य हादसा न हो।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान अचानक नीचे आता दिखाई दिया और कुछ ही क्षणों में खेत में गिर गया। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से यह हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। विमान दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों को भी सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.