जागरण टुडे,कासगंज (राहुल गुप्ता)
कासगंज/पटियाली। राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित व्यापारी कल्याण दिवस-2026 के अवसर पर पटियाली नगर के प्रमुख समाजसेवी एवं तंबाकू व्यवसायी रईस अहमद को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें वित्तीय वर्ष 2025-26 में 5 करोड़ रुपये से अधिक कर जमा करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, विधायक हरिओम वर्मा सहित राज्य कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने रईस अहमद को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर सम्मानित किया।
राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड-1 जितेंद्र प्रताप सिंह तथा जिलाधिकारी प्रणय सिंह द्वारा जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार रईस अहमद एंड कंपनी, कासगंज ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 5 करोड़ रुपये से अधिक कर राजस्व जमा किया। प्रदेश के राजस्व में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें 29 जून 2026 को व्यापारी कल्याण दिवस के अवसर पर भामाशाह सम्मान से नवाजा गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि रईस अहमद जैसे ईमानदार करदाता समय पर कर जमा कर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनका सम्मान अन्य व्यापारियों के लिए भी प्रेरणादायी है और इससे कर भुगतान के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा।
सम्मान मिलने पर रईस अहमद ने राज्य कर विभाग और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी वह नियमों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।