जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली (कासगंज)। जनपद कासगंज के पटियाली ब्लॉक में शुक्रवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं हाउस-टू-हाउस पल्स पोलियो अभियान का संयुक्त निरीक्षण संयुक्त निदेशक (जेडी) डॉ. देवेंद्र वाष्र्णेय ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभियान के संचालन, फील्ड टीमों की कार्यप्रणाली तथा बच्चों के सत्यापन कार्य का जायजा लिया।
जेडी ने विभिन्न गांवों और मोहल्लों का भ्रमण कर घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने वाली टीमों के कार्यों का गहन मूल्यांकन किया। इस दौरान उन्होंने छूटे हुए बच्चों की पहचान, घर-घर भ्रमण, टीमों द्वारा किए जा रहे सत्यापन कार्य तथा संबंधित अभिलेखों की भी बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की दवा हर हाल में पहुंचे और अभियान के सभी मानकों का पूरी गंभीरता के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के उपरांत अभियान का कार्य संतोषजनक पाया गया। डॉ. देवेंद्र वाष्र्णेय ने स्वास्थ्य विभाग की फील्ड टीमों की सक्रियता और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की मेहनत और जिम्मेदारी अभियान की सफलता की आधारशिला है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभियान की गुणवत्ता को लगातार बनाए रखा जाए तथा कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। साथ ही संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत निर्धारित सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए, ताकि क्षेत्र में संक्रामक रोगों की रोकथाम और बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।