जागरण टुडे। भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़े के तहत सभी 12 मंडलों के बूथ अध्यक्षों का डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रशिक्षण पूरा कराया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले बूथ अध्यक्षों को प्रमाण-पत्र वितरित कर संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
धौली प्याऊ मंडल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने प्रशिक्षित बूथ अध्यक्षों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका त्याग, राष्ट्रनिष्ठा और वैचारिक योगदान आज भी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से दिया गया प्रशिक्षण संगठनात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाएगा। इससे बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता बढ़ेगी, जनसंपर्क मजबूत होगा और संगठन को नई ऊर्जा व मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में तकनीक से प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं।
मंडल अध्यक्ष नितिन कौशिक ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और अखंड भारत के संकल्प का अनुपम उदाहरण है। प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रशिक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है, जिससे संगठनात्मक दक्षता बढ़ेगी और जनता के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारत की अखंडता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की, जो आगे चलकर भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक नींव बना। उन्होंने बताया कि डॉ. मुखर्जी वर्ष 1934 में मात्र 33 वर्ष की आयु में कलकत्ता विश्वविद्यालय के सबसे कम उम्र के कुलपति बने थे और वर्ष 1953 में उनका निधन रहस्यमय परिस्थितियों में हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने तथा बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन हर्ष गौड़ ने किया। इस अवसर पर महामंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष रामकिशन पाठक, जिला मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, मंडल अध्यक्ष नितिन कौशिक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।