Wednesday, July 29, 2026

24 घंटे में खुला शिव मंदिर दानपात्र चोरी कांड, 2357 रुपये के सिक्कों समेत आरोपी गिरफ्तार

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 16, 2026

24 घंटे में खुला शिव मंदिर दानपात्र चोरी कांड, 2357 रुपये के सिक्कों समेत आरोपी गिरफ्तार

जागरण टुडे, जलालाबाद (शाहजहांपुर)।

रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित शिव मंदिर के दानपात्र से चोरी की वारदात का जलालाबाद पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर के दानपात्र से चुराए गए 2357 रुपये के सिक्के भी बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को शिव मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी दानराशि चोरी कर ली गई थी। घटना की सूचना मिलने पर मंदिर प्रबंधन की शिकायत के आधार पर जलालाबाद थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 339/2026 बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत दर्ज किया गया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान गुरुवार सुबह करीब 10:15 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल युवक ग्राम गुनारा के बाहर खेतों के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी गगन कुशवाह (22) निवासी चौहनापुर, थाना सेहरामऊ दक्षिणी को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखी दो प्लास्टिक की पन्नियों से विभिन्न मूल्य वर्ग के सिक्के बरामद हुए। इनमें एक रुपये के 167, दो रुपये के 375, पांच रुपये के 84, दस रुपये के 100 तथा 20 रुपये का एक सिक्का शामिल था। बरामद सिक्कों की कुल कीमत 2357 रुपये निकली। पुलिस ने इसे मंदिर के दानपात्र से चोरी की गई पूरी दानराशि बताया।

बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुधीर कुमार तोमर, कांस्टेबल सुबोध कुमार तथा रिक्रूट कांस्टेबल दीपू बडोदिया की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.