जागरण टुडे, मथुरा।
कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने तथा लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में आईपीडी, ओपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, पैथोलॉजी, जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके), परिवार नियोजन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, आयुष्मान भारत योजना, नियमित टीकाकरण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, पीसीपीएनडीटी अधिनियम, एंबुलेंस सेवा 102 एवं 108 सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता ने सभी सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, आरओ और ठंडे पानी के साथ गर्मी से राहत के लिए पंखों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी चिकित्साधिकारी समय से अस्पताल पहुंचकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और त्वरित उपचार उपलब्ध कराएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ को निर्देश दिए गए कि पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण कराया जाए। अनियमितता मिलने पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई जाए, ताकि कन्या भ्रूण हत्या पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
बैठक में चिकित्सीय उपकरणों और आवश्यक दवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की चिकित्सा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को समयबद्ध भुगतान, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सीडीओ ने आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने, आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने, शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने और टीकाकरण से संबंधित सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा आभा आईडी बनाने, टीबी जांच बढ़ाने, मौसमी बीमारियों के प्रति सतर्कता बरतने तथा 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं को निर्धारित समय में मरीजों तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल, सभी एसीएमओ, एमओआईसी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम संजय सिंहोरिया ने किया।