मांस-अंडे की दुकानें रहेंगी बंद, भारी वाहनों का रहेगा प्रवेश प्रतिबंधित; एटा रोड की बदहाल स्थिति पर कोतवाली प्रभारी ने नगर पालिका को पत्र भेजने की कही बात
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। आगामी सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कोतवाली गंजडुंडवारा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने की। इसमें ग्राम प्रधानों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और कस्बे के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक में कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी की जाएगी। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली मांस एवं अंडे की सभी दुकानें बंद रहेंगी। वहीं शनिवार और रविवार को नगर में विशेष रूट डायवर्जन लागू रहेगा तथा भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विस्तृत योजना भी साझा की। इसके अनुसार कादरगंज रोड से आने वाले भारी वाहनों को पारस भट्ठे से रामछितौनी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि एटा की ओर जाने वाले बड़े वाहन कादरगंज से पटियाली होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने की अपील की।
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जर्जर एटा रोड बना चिंता का विषय
बैठक के दौरान एटा रोड की बदहाल एवं गड्ढायुक्त स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। वक्ताओं ने कहा कि इसी मार्ग से बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ लेकर गुजरेंगे और सड़क की वर्तमान स्थिति दुर्घटना का कारण बन सकती है। इस पर कोतवाली प्रभारी राधेश्याम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर पालिका परिषद को पत्र भेजकर सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने के लिए अवगत कराने की बात कही, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या हादसे का सामना न करना पड़े।
बैठक में कई ग्राम प्रधान, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिकों के साथ पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।