जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। जनपद में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गंजडुंडवारा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 314 ग्राम नशीला पाउडर (डायजापाम) के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बरामद नशीले पदार्थ के आधार पर पुलिस ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में जनपदभर में अपराधियों और मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गंजडुंडवारा पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने अकलीम पुत्र रुस्तम, निवासी ग्राम सुजावलपुर, थाना गंजडुंडवारा, जनपद कासगंज, उम्र लगभग 26 वर्ष, को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 314 ग्राम नशीला पाउडर (डायजापाम) बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2020 में गोवध अधिनियम के तहत तथा भारतीय दंड संहिता की धाराओं 269 एवं 429 के साथ पशु क्रूरता अधिनियम में भी कार्रवाई की जा चुकी है। वर्ष 2021 में भी महामारी से संबंधित धाराओं 269 एवं 270 भादवि के तहत उसके विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। अब एक बार फिर नशीले पदार्थ की तस्करी के मामले में उसकी गिरफ्तारी हुई है।
इस कार्रवाई को थाना गंजडुंडवारा के प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, कांस्टेबल रुपेश कुमार, कांस्टेबल धनंजय सिंह तथा रिजर्व कांस्टेबल आसिफ अली की टीम ने अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।