जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना कासगंज क्षेत्र के गाँव हनोता में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अचानक मकान का पक्का लेंटर भरभराकर गिरने से घर में मौजूद एक महिला और उसका नौ वर्षीय बेटा मलबे में दब गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से दोनों को मलबे से सुरक्षित निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गाँव हनोता निवासी बंटू पुत्र रामसरूप अपने परिवार के साथ घर में थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ मकान का लेंटर भरभराकर ढह गया। देखते ही देखते पूरा कमरा मलबे में तब्दील हो गया और घर में मौजूद बंटू की पत्नी श्रीमती सुदामा (33 वर्ष) तथा उनका पुत्र परवेन्द्र (9 वर्ष) मलबे के नीचे दब गए।
चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण
लेंटर गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने बिना समय गंवाए अपने स्तर पर मलबा हटाना शुरू किया और दोनों घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। घटनास्थल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही पहुँची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112 को अवगत कराया गया। सूचना पर उपनिरीक्षक उपदेश कुमार पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तेज कराया और मलबे में दबे माँ-बेटे को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई।
पीआरवी से जिला अस्पताल भेजे गए घायल
घटना में गंभीर रूप से घायल हुई सुदामा और उनके बेटे परवेन्द्र को पीआरवी 5757 के माध्यम से तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम दोनों का उपचार कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हादसे के कारणों की होगी जांच
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि मकान का लेंटर अचानक कमजोर होकर ढह गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।