जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सिढ़पुरा। थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा 10 की छात्रा का शव छात्रावास के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान अनन्या (16 वर्ष) पुत्री निर्दोष मिश्रा, निवासी सिढ़पुरा, थाना अमांपुर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
घटना छात्रावास के कमरा नंबर-14 की है। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी पटियाली आतिश, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार, नायब तहसीलदार रोहित सक्सेना तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास सिंह भी विद्यालय पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
विद्यालय की वार्डन संतोष कुमारी ने बताया कि उनका दायित्व प्रतिदिन विद्यालय आने वाले बच्चों की उपस्थिति पर नजर रखना और जो बच्चे विद्यालय नहीं पहुंचते हैं, उनसे अनुपस्थित रहने का कारण पूछकर उसका विवरण दर्ज करना है। बुधवार सुबह भी वह अनुपस्थित बच्चों का रिकॉर्ड तैयार कर रही थीं। करीब दस बच्चों के नाम दर्ज करने के बाद पता चला कि अनन्या विद्यालय नहीं आई है। इस पर उन्होंने छात्राओं से उसे बुलाने के लिए कहा।
छात्राओं ने कई बार अनन्या को आवाज लगाई, लेकिन कमरे के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कुछ छात्राओं को कमरे में भेजा गया। जैसे ही उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। अनन्या दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई थी। घबराई छात्राएं चीखते हुए बाहर दौड़ीं और आवाज लगाई "दीदी जल्दी आइए, अनन्या यहां फंदे पर लटकी है।" शोर सुनकर विद्यालय की कर्मचारी संतोष कुमारी मौके पर पहुंचीं। उस समय सुबह करीब 9 बजे का समय था। इसके बाद विद्यालय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन भी विद्यालय पहुंच गए। अपनी बेटी का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। विद्यालय परिसर में मौजूद छात्राओं और कर्मचारियों की आंखें भी नम हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पूर्ण जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस विद्यालय प्रशासन, कर्मचारियों, छात्राओं और परिजनों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।