Friday, July 31, 2026

KASGANJ: एनडीआरएफ ने सिखाए आपदा से बचाव के गुर, छात्रों को दिया सीपीआर व फर्स्ट एड का प्रशिक्षण

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 30, 2026

KASGANJ: एनडीआरएफ ने सिखाए आपदा से बचाव के गुर, छात्रों को दिया सीपीआर व फर्स्ट एड का प्रशिक्षण

जागरण टुडे, कासगंज

मानसून के दौरान संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम जनपद कासगंज में लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुरुवार को सिढपुरा स्थित पार्वती इंटर कॉलेज में स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम (एसएसपी) के तहत आपदा सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बाढ़, भूकंप, आकाशीय बिजली, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन), सुरक्षित निकासी सहित विभिन्न आपदाओं से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। एनडीआरएफ के प्रशिक्षित रेस्क्यूर्स ने आपदा के समय क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी देते हुए व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।


विद्यार्थियों को सीपीआर और प्राथमिक उपचार की जीवनरक्षक तकनीकों का अभ्यास कराया गया, ताकि आपात स्थिति में वे किसी घायल या अचेत व्यक्ति की प्रारंभिक सहायता कर सकें। साथ ही छात्रों और शिक्षकों से अपील की गई कि वे अपने परिवार और समाज में भी आपदा सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा करें।


8वीं वाहिनी एनडीआरएफ, गाजियाबाद की 33 सदस्यीय टीम कमांडेंट सुदेश कुमार के निर्देशन में गत माह से कासगंज में तैनात है। टीम जिलाधिकारी प्रणय सिंह के समन्वय में बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए खोज, बचाव और राहत कार्यों के साथ-साथ कम्युनिटी अवेयरनेस प्रोग्राम (CAP), फैमिलियराइजेशन एक्सरसाइज (FAMEX), स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम (SSP) और मॉक एक्सरसाइज का लगातार संचालन कर रही है। टीम का नेतृत्व निरीक्षक चमन किशोर गुप्ता कर रहे हैं।

एनडीआरएफ अधिकारियों ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनपद में आपदा जोखिम को कम करना, लोगों को जागरूक बनाना और आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए समुदाय को सक्षम बनाना है। साथ ही संदेश दिया गया कि "आपदा के समय घबराएं नहीं, बल्कि सतर्क रहें और सही तरीके से प्रतिक्रिया दें।"

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.