सोरों (कासगंज)। सोरों थाना क्षेत्र के मल्लाह नगर में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। दस्त की शिकायत पर उपचार के लिए ले जाए गए 11 वर्षीय मासूम की कथित रूप से इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मल्लाह नगर निवासी साकेस का 11 वर्षीय पुत्र जीतू सोमवार शाम करीब छह बजे दस्त से परेशान था। परिजन उसे उपचार के लिए गांव के ही एक चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद जीतू की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।
कक्षा चार का छात्र था जीतू
जीतू गांव के भीमराव आंबेडकर विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। उसकी असमय मौत से विद्यालय, गांव और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मासूम की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।
मृतक की मां पंचवटी का रो-रोकर बुरा हाल है। जीतू अपने पीछे पांच वर्षीय छोटे भाई सिंटू और छह वर्षीय बहन शिवानी को छोड़ गया है। घर में गूंजती बच्चों की किलकारियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिजनों के विलाप से पूरे गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर बालक की मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।