Friday, September 11, 2026

KASGANJ NEWS: उर्वरक विक्रेताओं पर कृषि विभाग की छापेमारी, छह दुकानों के लाइसेंस निलंबित

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 6, 2026

KASGANJ NEWS: उर्वरक विक्रेताओं पर कृषि विभाग की छापेमारी, छह दुकानों के लाइसेंस निलंबित

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार के निर्देशन में जिले में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण एवं छापामार अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान छह उर्वरक विक्रेताओं के यहां गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उनके उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।


निरीक्षण के दौरान मेसर्स यादव खाद भंडार (मलिकपुर पसोई), कान्हा ट्रेडर्स (मलिकपुर), गंगोत्री खाद एवं बीज भंडार (मलिकपुर), साक्षी खाद भंडार (मिर्जापुर), यश दीक्षित किसान सेवा केंद्र (सोरों) तथा रोहित खाद भंडार (सोरों) के प्रतिष्ठानों की जांच की गई।


जांच में कई प्रतिष्ठानों पर निर्धारित स्टॉक एवं रेट बोर्ड प्रदर्शित नहीं मिले। इसके अलावा उर्वरक स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रजिस्टर उपलब्ध नहीं थे तथा अभिलेख भी अपूर्ण पाए गए। साक्षी खाद भंडार, मिर्जापुर निरीक्षण के समय बंद मिला, जिस पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 एवं शासन के निर्देशों का उल्लंघन किया गया है। इसके चलते संबंधित विक्रेताओं के उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। सभी विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक उत्तर न मिलने या उत्तर असंतोषजनक पाए जाने पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जिले के सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि अपने प्रतिष्ठानों पर स्टॉक एवं रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें तथा सभी अभिलेख अद्यतन रखें। निरीक्षण में अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.