Friday, September 11, 2026

गंजडुंडवारा पुलिस का बड़ा एक्शन: बंद ईंट भट्ठे से तीन वाहन चोर दबोचे, 10 चोरी की बाइक बरामद

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 9, 2026

गंजडुंडवारा पुलिस का बड़ा एक्शन: बंद ईंट भट्ठे से तीन वाहन चोर दबोचे, 10 चोरी की बाइक बरामद

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

चोरी की मोटरसाइकिलों के जरिए चल रहे संभावित नेटवर्क पर गंजडुंडवारा पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। पुलिस ने कादरगंज रोड स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। एक साथ इतनी संख्या में चोरी की बाइक मिलने से पुलिस भी अब इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है।


पुलिस के अनुसार अपराध नियंत्रण और वांछित एवं वारंटी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 9 अगस्त की रात करीब 12:57 बजे कादरगंज रोड स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास तीन संदिग्धों को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिन्टू उर्फ पिन्टा पुत्र रामनिवास निवासी नगला छेदा थाना गंजडुंडवारा, उम्र करीब 28 वर्ष, कासिम पुत्र समसुल हसन निवासी मोहल्ला मंसूर करचा थाना गंजडुंडवारा, उम्र करीब 19 वर्ष तथा शौकीन पुत्र होतीलाल निवासी नगला प्रीतम थाना सिकंदरपुर वैश्य, उम्र करीब 18 वर्ष के रूप में हुई है।


एक जगह मिलीं 10 बाइक, कई जिलों के नंबर

पुलिस के मुताबिक बरामद मोटरसाइकिलों में HF Deluxe, Honda SP-125, Hero Splendor, Splendor Plus, CT-100, Platina और Pulsar समेत अलग-अलग कंपनियों की बाइक शामिल हैं। बरामद वाहनों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के नंबर वाली मोटरसाइकिलें भी बताई गई हैं। कुछ बाइकों के नंबर अधूरे होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है।


एक साथ 10 मोटरसाइकिलों की बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटेगी कि ये बाइक आखिर कहां-कहां से चोरी की गई थीं और चोरी के बाद इन्हें कादरगंज रोड स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे तक कैसे पहुंचाया गया।

क्या बड़े वाहन चोरी नेटवर्क से जुड़े हैं तार

तीनों आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को वाहन चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित साथियों के बारे में सुराग मिलने की उम्मीद है। अलग-अलग स्थानों और अलग-अलग नंबरों वाली 10 मोटरसाइकिलों की बरामदगी से यह संभावना भी सामने आ रही है कि आरोपियों के तार किसी बड़े वाहन चोरी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, नेटवर्क को लेकर स्थिति पुलिस की आगे की जांच और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना गंजडुंडवारा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उपनिरीक्षक विजेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक नरेन्द्रपाल सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव कुमार, हेड कांस्टेबल बृजकिशोर चाहर, कांस्टेबल धनंजय सिंह, रिजर्व कांस्टेबल बृहाप्रकाश और रिजर्व कांस्टेबल विशाल सिंह शामिल रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.