जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। मिलावटी दूध की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को सिरावली ग्राम पंचायत के गांव फाजिलपुर स्थित पप्पू यादव के डेयरी प्रतिष्ठान पर छापेमार कार्रवाई की। जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान डेयरी में दो कैनों में खराब और दुर्गंधयुक्त दूध मिला, जो प्रथम दृष्टया मिलावटी प्रतीत हुआ।
टीम ने मौके से मिश्रित दूध के दो नमूने जांच के लिए संग्रहित कर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। वहीं करीब 100 लीटर मिश्रित दूध, जिसकी अनुमानित कीमत 6,200 रुपये बताई गई, को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार देव के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमबीर सिंह तथा पुलिस बल से उप निरीक्षक किशोर लाल मीणा, आरक्षी लवी और रोहित कुमार मौजूद रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि दूध और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए छापेमार और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।