जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कांवड़ यात्रा और आगामी स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ओ पी सिंह ने कोतवाली गंजडुंडवारा का आकस्मिक निरीक्षण कर क्षेत्र की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कांवड़ मार्ग, संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों की स्थिति की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त, प्रभावी निगरानी और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग करने को कहा।
15 अगस्त के मद्देनजर सरकारी प्रतिष्ठानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। होटल, धर्मशाला सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की चेकिंग और सत्यापन कराने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अपराध नियंत्रण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी और नियमित पुलिस गश्त की भी समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ओ पी सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान सीओ अमित कुमार, कोतवाली प्रभारी राधेश्याम सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।