विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से गाया ‘वंदे मातरम्’, भूकंप, बाढ़ और आगजनी से बचाव के बताए उपाय
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ अभियान के तहत 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद की टीम ने बुधवार को तहसील सहावर के अलाउद्दीनपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति के साथ-साथ आपदा के समय सुरक्षा और बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी गई।
एनडीआरएफ के कमांडेंट सुदेश कुमार के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित कार्यक्रम में एनडीआरएफ टीम एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इससे विद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
एनडीआरएफ टीम ने विद्यार्थियों को भूकंप, बाढ़, आगजनी सहित विभिन्न आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तथा संकट के समय संयम और सूझबूझ से काम लेने के तरीकों की जानकारी दी गई।
टीम ने विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी आपदा सुरक्षा एवं तिरंगे के सम्मान के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के साथ उन्हें आपदा की स्थिति में स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा के लिए सक्षम बनाना रहा। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, एनडीआरएफ टीम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।