वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ शुरू हुई तिरंगा यात्रा,राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद में पहली बार महिला तिरंगा यात्रा का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ की अध्यक्षता में निकाली गई यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
यात्रा का शुभारंभ प्रभु पार्क से सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ। इसके बाद तिरंगा यात्रा लक्ष्मीगंज चौराहा और बारादरी होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंची। यहां ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ यात्रा का समापन किया गया।
यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘मातृशक्ति जिंदाबाद’ के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। महिलाओं के हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने यात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
नगर पालिका परिषद कासगंज की अध्यक्ष मीना माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने यात्रा में भाग लिया। महिला तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति महिलाओं की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।
यात्रा को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम रहे। थाना प्रभारी जगदीश चन्द्र के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।