80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में देशभक्ति और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता एवं बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। तिरंगा फहराते ही भाजपा कार्यालय परिसर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। वातावरण में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव, प्रेरणा और संकल्प का पर्व है। यह अवसर उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का है, जिनके संघर्षों के परिणामस्वरूप देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्राप्त आजादी की रक्षा करना और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। वहीं बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रहित को सर्वोच्च रखते हुए सभी को निरंतर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में दीपमाला गोयल, अशोक भारतीय, राणा प्रताप सिंह, बुद्धपाल सिंह, उमेश राठौर, एमपी सिंह राजपूत, शैलेन्द्र मोहन शर्मा, जोगेंद्र सिंह पटेल, शारदेन्दु पाठक, सुधीर श्रीवास्तव, नेकपाल कश्यप, सुरजीव गुप्ता, धीरज पटेल, बीएस मौर्य, आशीष शाक्य, राजवती वर्मा, आरती कश्यप, रचना शंखधार, अजय तोमर, अमिता उपाध्याय, अंकित मौर्य, जितेंद्र साहू, अचल शर्मा, पंकज शर्मा, जितेंद्र सोनकर, हिमांशु सक्सेना, अमित कुमार सिंह, गुलशन सिंह, राघवेंद्र यादव, दीपक सक्सेना, अनुभव उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।