जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सावन मास के तीसरे सोमवार को सिढ़पुरा में भक्ति, आस्था और सौहार्द का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने कांवड़ लेकर गुजर रहे शिवभक्तों के चेहरों पर थकान की जगह उत्साह भर दिया। शिवालयों में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ियों का पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। बुलडोजर पर सवार होकर अधिकारियों और कर्मचारियों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की तो पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वागत शिविर लगाया गया। लंबी दूरी तय कर पैदल चल रहे कांवड़ियों पर जैसे ही फूल बरसे, उनके चेहरे खिल उठे। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को फल, पानी और जलपान सामग्री भी वितरित की गई। इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत कांवड़ियों ने प्रशासन और स्थानीय लोगों का आभार जताया।
इस दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में पुलिसकर्मी और नगर पंचायत कर्मचारी भी पूरी तरह जुटे नजर आए। स्वागत और सेवा के इस दृश्य ने जहां धार्मिक आस्था को मजबूती दी, वहीं समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे का भी संदेश दिया।
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरे मार्ग पर मुस्तैद रहा। यातायात, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम में थानाध्यक्ष प्रदीप मलिक,चेयरमैन प्रतिनिधि सम्मी कपूर गुप्ता, महेश चंद्र दुबे, नवीन तिवारी, पवन गुप्ता, हेड कांस्टेबल शशांक दुबे, कांस्टेबल नीरज सहित पुलिस स्टाफ, नगर पंचायत कर्मचारी और नगरवासी मौजूद रहे।