जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सहावर,अनवर खान। श्रावण मास के पावन अवसर पर सोमवार को तहसील परिसर के निकट एटा रोड पर तहसील प्रशासन की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और राहगीरों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह पहुंचे और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रावण मास में धार्मिक आयोजनों का विशेष महत्व है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
तहसीलदार संदीप चौधरी ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का पवित्र महीना है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से लोगों में सेवा, श्रद्धा और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है। जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं को भोजन कराना पुण्य का कार्य है।
इस दौरान उपजिलाधिकारी सुशांत सावरे, तहसीलदार संदीप चौधरी, सीओ दुर्गेश कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार धनवीर सिंह सहित तहसील परिवार के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।