28 हजार नकदी और तीन बाइक बरामद, चार मोबाइल और ताश की गड्डी भी मिली
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
हार-जीत की बाजी लगाकर जुए की महफिल सजाना सात लोगों को भारी पड़ गया। सूचना पर सोरों पुलिस ने छापा मारकर मौके से सात जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे और मौके से 28,455 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल, 52 ताश के पत्ते और चार पुलिंदे माल चिट बंदी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को थाना सोरों पुलिस को क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने दबिश देकर श्यामवीर निवासी हरनाथपुर, भूपेंद्र निवासी मूसावाली, शिवगोपाल निवासी गुड़गुड़ी, छोटेलाल निवासी हरनाथपुर, अशोक कुमार निवासी नगला खंजी, संदेश कुमार निवासी नगला झद्दी और नेकपाल निवासी हरनाथपुर को पकड़ लिया। मौके पर जुए की बाजी में लगी रकम और ताश के पत्ते देखकर पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने सातों के खिलाफ थाना सोरों सार्वजनिक जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है।
उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में की गई। टीम में सोरों थाने के प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी पुलिस बल के साथ शामिल रहे।