सहावर, अनवर खान। थाना कोतवाली गंजडुंडवारा से स्थानांतरित होकर आए नवागत प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने रविवार दोपहर बाद थाना कोतवाली सहावर का कार्यभार संभाल लिया। चार्ज ग्रहण करने के बाद उन्होंने थाना पुलिस स्टाफ के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम जनपद कासगंज के थाना सिढ़पुरा, पटियाली और गंजडुंडवारा में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सरल स्वभाव और व्यवहार कुशलता के लिए पहचाने जाने वाले राधेश्याम ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण उनकी पहली प्राथमिकता होगी। अपराध करने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता और प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कस्बे और गांवों से आने वाले किसी भी फरियादी को निराश होकर वापस नहीं लौटना पड़ेगा। फरियादियों को सम्मान के साथ उनकी बात रखने का अवसर दिया जाएगा। बेकसूर को न्याय दिलाना और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता होगी।
महिला सुरक्षा को लेकर भी प्रभारी निरीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि महिला उत्पीड़न और हिंसा की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से काम करेगी। महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आगामी ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन पर्व को लेकर उन्होंने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं, जिससे क्षेत्र का माहौल शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बना रहे। पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।