Friday, September 11, 2026

Kasganj: बड़े सपने देखिए, उन्हें पूरा करने के लिए जुट जाइए: एसडीएम सुशांत सांवरे

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 31, 2026

Kasganj: बड़े सपने देखिए, उन्हें पूरा करने के लिए जुट जाइए: एसडीएम सुशांत सांवरे

एसडीएम सहावर ने विद्यार्थियों से संवाद कर कैरियर निर्माण, समय प्रबंधन और तकनीक के सकारात्मक उपयोग का दिया मंत्र

जागरण टुडे, कासगंज

सहावर, अनवर खान। थाना क्षेत्र के गांव अलादीनपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज में उपजिलाधिकारी सुशांत सांवरे ने इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें कैरियर निर्माण और जीवन में सफलता के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रेरणादायक कविता ‘कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती’ से हुई।


एसडीएम ने विद्यार्थियों को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुस्तक ‘विंग्स ऑफ फायर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में बड़ा मुकाम हासिल करने के लिए बड़े सपने देखना और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी महत्वाकांक्षाओं और कैरियर लक्ष्यों को लेकर संवाद किया तथा प्रभावी अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन, प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को स्टार्टअप, स्वरोजगार, सरकारी योजनाओं और वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक करते हुए साइबर सुरक्षा तथा एआई एवं आधुनिक तकनीक के सकारात्मक उपयोग की जानकारी भी दी। साथ ही तनाव, सोशल मीडिया, मित्रता और किशोरावस्था से जुड़ी समस्याओं का संतुलित तरीके से सामना करने की सलाह दी।

एसडीएम ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “आपमें काबिलियत है, आप कुछ भी कर सकते हैं और आपके भीतर अनंत संभावनाएं हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं पर विश्वास रखने, किसी के दबाव में न आने और अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार मेहनत करते रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक, कैरियर अथवा व्यक्तिगत स्तर पर किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर विद्यार्थी उचित मार्गदर्शन लेने में संकोच न करें। एसडीएम के संवाद से विद्यार्थियों में उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने अपने भविष्य को लेकर विभिन्न सवाल भी किए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.