जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश को विगत दिना ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल किए जाने पर कोटेदारों में खुशी की लहर है। आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री सरवर हुसैन एवं जिलाध्यक्ष कासगंज किशन कुमार दिवाकर समेत जनपद के उचित दर विक्रेताओं ने कहा कि लाभांश में ₹35 प्रति क्विंटल की वृद्धि कोटेदारों के आर्थिक हित में महत्वपूर्ण निर्णय है। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से प्रदेश के गरीब, जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में सरकार द्वारा लाभांश बढ़ाने का निर्णय कोटेदारों के कार्य और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।
एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी कासगंज के माध्यम से मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापन भेजा गया। संगठन पदाधिकारियों ने खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय का विशेष आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने कोटेदारों की समस्याओं और हितों को गंभीरता से लेते हुए सरकार के समक्ष उनकी मांगों को मजबूती से रखा।
कोटेदारों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकार उचित दर विक्रेताओं के हित में इसी तरह सकारात्मक निर्णय लेती रहेगी। इस दौरान जहूर हसन, हसनैन, देवेश कुमार, गजेन्द्र राना, महाराज सिंह, समसुल, भारत सिंह, मुस्तफा साजिद, चांद खान सहित बड़ी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे। सभी ने सरकार के निर्णय पर खुशी जताते हुए आभार व्यक्त किया।