Friday, September 11, 2026

पटियाली में सरकारी जमीन से हटा अवैध कब्जा, चला प्रशासन का बुलडोजर....मचा हड़कंप

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 3, 2026

पटियाली में सरकारी जमीन से हटा अवैध कब्जा, चला प्रशासन का बुलडोजर....मचा हड़कंप

दो करोड़ रुपये कीमत की साढ़े 15 बिस्वा नजूल भूमि कराई कब्जामुक्त, कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में मचा हड़कंप

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

पटियाली कस्बे में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। किला परिसर से सटी हजरत अमीर खुसरो पार्क के पास नजूल की सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने दो जेसीबी मशीनों की मदद से हटाकर भूमि को कब्जामुक्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।


उपजिलाधिकारी आतीश कुमार सिंह के नेतृत्व में गुरुवार दोपहर प्रशासनिक टीम दो जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण और कब्जे को हटाने की कार्रवाई शुरू की। जेसीबी ने मौके पर बने निर्माण को ध्वस्त करते हुए जमीन को खाली कराया। प्रशासन की कार्रवाई से आसपास अवैध कब्जा करने वालों में भी हड़कंप की स्थिति रही।


नजूल की सरकारी जमीन पर था कब्जा

क्षेत्रीय लेखपाल सुशील कुमार ने बताया कि कार्रवाई की गई भूमि नजूल की सरकारी जमीन है, जो पटियाली कस्बे के किला परिसर से सटी हुई है। यह जमीन रिहायशी इलाके में स्थित है। उन्होंने बताया कि भूमि का कुल रकबा करीब साढ़े 15 बिस्वा है, जिसकी सरकारी कीमत लगभग दो करोड़ रुपये बताई गई है।

बताया गया कि उक्त सरकारी जमीन पर काफी समय से अवैध कब्जा किया गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने जमीन की स्थिति की जांच कराई और कब्जा हटाने का निर्णय लिया। इसके बाद गुरुवार को जेसीबी मशीनों के जरिए अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।


कब्जा करने वालों को दी चेतावनी

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने मौके पर मौजूद लोगों को सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई की आसपास के क्षेत्र में दिनभर चर्चा रही। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी आतिश कुमार सिंह, तहसीलदार रामनयन सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल सुशील कुमार समेत थाना पुलिस मौजूद रही।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.