500-500 रुपये के 200 नकली नोट मिले, गिरफ्तार रूपकिशोर पर दर्ज हैं 12 आपराधिक मुकदमे
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
थाना सोरों पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली भारतीय करेंसी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500-500 रुपये के 200 जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत एक लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सोरों में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सोरों पुलिस और एसओजी टीम ने 3/4 सितंबर की रात मेला ग्राउंड के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से रूपकिशोर उर्फ राजू पुत्र नत्थूराम निवासी ग्राम सिकंदराबाद, थाना मुजरिया, जनपद बदायूं तथा गोविन्द पुत्र प्रेमपाल निवासी भगवंतपुर, थाना ढोलना, जनपद कासगंज को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 500 रुपये के 200 नकली भारतीय करेंसी नोट बरामद हुए।
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना सोरों में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
रूपकिशोर पर दर्ज हैं 12 मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी रूपकिशोर उर्फ राजू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बदायूं, संभल और अलीगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में हत्या, दुष्कर्म, धोखाधड़ी, चोरी, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2019 का मूसाझाग थाने का धोखाधड़ी, जालसाजी और चोरी की संपत्ति से संबंधित मामला तथा गुन्नौर थाने में चोरी, चोरी की संपत्ति रखने, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे शामिल हैं।
पुलिस अब बरामद नकली नोटों के स्रोत और इनके इस्तेमाल अथवा खपाने के नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
इनकी रही गिरफ्तारी मे भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना सोरों के प्रभारी निरीक्षक लोकेश भाटी मय पुलिस टीम, एसओजी प्रभारी निरीक्षक रितेश कुमार मय टीम तथा थाना सोरों के उपनिरीक्षक सुमित त्रिपाठी शामिल रहे।