अंडर-17 बालिका वर्ग में कॉलेज की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान, 7 सितंबर को हाथरस में कासगंज का प्रतिनिधित्व करेंगे खिलाड़ी
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित जिला स्तरीय नेशनल गेम्स प्रतियोगिता में क्यूएच इंटर कॉलेज, गंजडुंडवारा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। 3 सितंबर को कासगंज में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके दम पर कॉलेज के कुल 15 खिलाड़ियों का चयन मंडलीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग में क्यूएच इंटर कॉलेज की टीम ने विजेता बनकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा अंडर-19, अंडर-17 और अंडर-14 आयु वर्गों में भी कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
मंडल स्तर के लिए चयनित खिलाड़ी अब 7 सितंबर 2026 को हाथरस में आयोजित होने वाली मंडलीय प्रतियोगिता में कासगंज जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है और शिक्षकों एवं साथी विद्यार्थियों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी।
ये खिलाड़ी हुए मंडल स्तर के लिए चयनित—
अंडर-19 बालक वर्ग: आरयान खान, अम्मार अन्सारी, अजीत और अल्फ़ाज।
अंडर-19 बालिका वर्ग: फरहीन एवं मानसी, दोनों कक्षा 11।
अंडर-17 बालक वर्ग: अंकित एवं अतुल यादव।
अंडर-17 बालिका वर्ग: सुमैया, त्रिसा, तनवी, फ़बिहा एवं मूर्ति।
अंडर-14 बालक वर्ग: आयुष कुमार एवं रजत।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए कॉलेज के प्रबंधक सग़ीर अहमद एवं टीम कोच आमिर हुसैन कासगंज में मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए उनका हौसला बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के संस्थापक अब्दुल वकील, प्रधानाचार्य डॉ. महेश चंद्र तथा समस्त कॉलेज स्टाफ ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी मंडलीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर कासगंज जिले और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।