सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित कर विद्यालय ने जताया आभार, विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
पटियाली, राहुल गुप्ता। शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर के बाईपास रोड स्थित सेट के.एम. इंटर कॉलेज, पटियाली में भव्य संगीत प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनके आत्मविश्वास और मनोबल को भी बढ़ाते हैं। विशेष आमंत्रित अतिथि एवं कथा वाचक आचार्य गौरव कृष्ण पांडेय ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संगीत प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कक्षा 12 के संजीत तिवारी ने प्रथम, कक्षा 11 की अनुष्का ने द्वितीय तथा कक्षा 9 की आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका विद्यालय की पुरातन छात्राओं अंशिका यादव एवं प्रियांशी द्विवेदी तथा कक्षा 12 के छात्र आदर्श दीक्षित ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य शोभित सिंह चौहान एवं विद्यालय प्रबंधक श्याम किशोर गौर ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को प्रतीक चिह्न एवं शॉल पहनाकर सम्मानित किया। आचार्य गौरव कृष्ण पांडेय ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को आशीर्वचन देते हुए शिक्षा के साथ संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य भीकम सिंह यादव, अलोक प्रताप गौर, रोहित पुंडीर, अनुज द्विवेदी, दुष्यंत सिंह चौहान, दीपिका, कुमकुम, सीमा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।