घेराबंदी कर पकड़े गए वारंटी को चार बाइकों पर आए लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर था छुड़ाया, पुलिसकर्मियों को आईं थी चोटें
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कासगंज। थाना ढोलना के गांव इखोना के पास घेराबंदी कर पुलिस ने मारपीट और एससी/एसटी एक्ट में वांछित एक वारंटी को गिरफ्तार किया, लेकिन उसे थाने ले जाते समय बाइक सवार हमलावरों ने पुलिस टीम को घेरकर हमला कर दिया और जबरन वारंटी को छुड़ा ले गए थे। घटना मे पुलिसकर्मियों को चोटें आई थी। जिसके बाद उपनिरीक्षक संजय उपाध्याय की तहरीर पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर शाम उपनिरीक्षक संजय उपाध्याय कांस्टेबल साजिद और यतेंद्र के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गांव इखोना निवासी रामनाथ बाइक से छिछोरा की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने इखोना के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर रामनाथ ने भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक दीवार से टकराकर गिर गई। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और थाने ले जाने लगे।
पुलिस के अनुसार, छिछोरा और नगला देवी के बीच बंबे के पास करीब 5:40 बजे चार बाइकों पर सवार छह लोगों ने पुलिस की गाड़ी रोक ली। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और पुलिस की गाड़ी से रामनाथ को जबरन खींचकर छुड़ा ले गए। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दोबारा पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर धक्का देकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मामले में पुलिस ने सर्वेश कुमार, अखिलेश कुमार, टीटू यादव उर्फ अनिल, धर्मेंद्र कुमार, कैलाश, बृजेश और वारंटी रामनाथ, सभी निवासी इखोना, के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि बाइक सवार लोग पुलिस टीम से वारंटी को छुड़ाकर ले गए थे। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।