Friday, September 11, 2026

पटियाली के बाढ़ प्रभावित नगला जयकिशन में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, गर्भवती महिलाओं की निगरानी के निर्देश

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 10, 2026

पटियाली के बाढ़ प्रभावित नगला जयकिशन में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, गर्भवती महिलाओं की निगरानी के निर्देश

नाव से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य शिविर का लिया जायजा, प्रसव की संभावित तिथि से 3-4 दिन पहले CHC में भर्ती कराने की व्यवस्था के निर्देश

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

ाढ़ प्रभावित क्षेत्र ग्राम नगला जयकिशन में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अलीगढ़ मंडल के एडी डॉ. नीरज त्यागी और जेडी डॉ. देवेन्द्र वार्ष्णेय ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया।


अधिकारियों ने शिविर में पहुंच रहे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली और उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सकीय सेवाओं की समीक्षा की। स्वास्थ्य टीम द्वारा ग्रामीणों का परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही थीं। बाढ़ के कारण कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित होने के चलते अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नाव के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रामीणों से दवाइयों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत के संबंध में जानकारी ली गई।


निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सीएचसी गंजडुंडवारा डॉ. आकाश सिंह को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में रहने वाली सभी गर्भवती महिलाओं की सूची तत्काल तैयार करने और जिनकी प्रसव की संभावित तिथि (ईडीडी) नजदीक है, उनका विशेष रूप से चिन्हांकन कर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि जिन गर्भवती महिलाओं की प्रसव की संभावित तिथि आगामी दिनों में है, उन्हें परिस्थितियों के अनुसार प्रसव से तीन से चार दिन पहले संबंधित स्वास्थ्य संस्थान अथवा सीएचसी में भर्ती कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि बाढ़ और आवागमन की कठिन परिस्थितियों में प्रसव के समय परेशानी न हो।

साथ ही गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच, दवाइयों की उपलब्धता, तत्काल रेफरल और एंबुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल उपचार देने के निर्देश दिए। गंभीर मरीजों को जरूरत के अनुसार उच्च स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर करने को कहा गया। उन्होंने बच्चों, नवजात शिशुओं, बुजुर्गों और अन्य संवेदनशील लोगों को प्राथमिकता के आधार पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य टीम को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर समस्याओं की निगरानी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार रोहत सक्सेना, डॉ. आकाश सिंह प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सीएचसी गंजडुंडवारा, जिला कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर कुंवरपाल सिंह, बीसीपीएम चंद्रिका प्रसाद, ग्राम प्रधान, लेखपाल, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.