Tuesday, October 27, 2026

Kasganj: शॉर्ट सर्किट से विशाल मेगा मार्ट में लगी आग, मची अफरा-तफरी

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 16, 2026

Kasganj: शॉर्ट सर्किट से विशाल मेगा मार्ट में लगी आग, मची अफरा-तफरी

फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू, आसपास की दुकानों और मकानों को कराया गया सतर्क; कोई जनहानि नहीं

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। शहर के मेन मार्केट स्थित विशाल मेगा मार्ट में बुधवार दोपहर विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। दुकान के अंदर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया और वाहनों की आवाजाही को आवश्यक रूप से रोक दिया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 12:45 बजे विशाल मेगा मार्ट में विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की सूचना मिली। आग लगने की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कासगंज और क्षेत्राधिकारी आंचल सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना देकर आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभाली।



आग को देखते हुए आसपास की दुकानों और मकानों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क किया गया। बाजार में लोगों की भीड़ जमा न हो और दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस और ट्रैफिक पुलिस को तैनात कर वाहनों की आवाजाही पर आवश्यक रोक लगाई गई। पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहकर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए कहते रहे।


फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि एहतियात के तौर पर अंदर मौजूद शेष आग और धुएं को पूरी तरह खत्म करने का काम जारी रखा गया। आग दोबारा न भड़के, इसके लिए दमकल कर्मियों ने आसपास के हिस्सों की भी जांच की।


पुलिस की ओर से क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से भी निगरानी कराई गई। आसपास की दुकानों और मकानों में आग के फैलने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई। पुलिस के मुताबिक घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग से विशाल मेगा मार्ट में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जा रहा है। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.