मुख्य मार्ग पर बसें रोकने पर जताई नाराजगी, दोबारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की दी चेतावनी
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
मुख्य मार्ग पर रोडवेज बसें रोककर सवारियों को उतारने-बैठाने से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एटा डिपो की बसें मुख्य मार्ग पर खड़ी कर सवारियां उतारते-बैठाते मिलीं। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए एआरएम को संबंधित के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि मुख्य मार्ग पर बसें खड़ी करने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने बसों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा कर सवारियों को उतारने-बैठाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एआरएम को निर्देशित किया कि सभी बस चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और मुख्य मार्ग पर मनमाने ढंग से बसें नहीं रोकने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीएम प्रणय सिंह ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करने तथा रोडवेज बसों का संचालन निर्धारित स्थान से ही सुनिश्चित कराने के कड़े निर्देश दिए।